लखनऊ. उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के डीएम व एसपी को कड़े निर्देश जारी किए हैं कि अनलॉक-01 का मतलब आजादी नहीं हैं। सभी डीएम व एसपी नई गाइडलाइंस के अनुसार सभी को सख्ती से पालन करवाएं। सीएम योगी ने कहा कि 8 जून से धार्मिक स्थलों, कार्यालयों, मॉल, होटल तथा रेस्टोरेंट आदि खोले जाने हैं। सभी पुलिस अधिकारियों और डीएम को व्यवस्था चुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रदेश में बड़ी संख्या में लोगों के वापस आने से उत्पन्न विवादों के प्रति भी सतर्कता बरती जाए। ऐसे विवादों का समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि अव्यवस्था और अराजकता फैलाने वाली घटनाओं पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए। न्यायालयों में वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बंदियों की पेशी की व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर जिले के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक तथा मेडिकल काॅलेजों के प्राचार्यों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर यह निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 8 जून से ही न्यायालयों में भी कार्यवाहियां प्रारम्भ होंगी। इनके सेवायोजन एवं रोजगार के सम्बन्ध में आयोग का गठन किया जा चुका है।