सत्येन्द्र विश्वकर्मा, संवाददाता 


गहमर।पवित्र सावन माह के पहले दिन शिव  भक्तों का हुजूम  दर्शन पूजन हेतु शिवालयों मे पहुंचा। भोले नाथ की जय, हर हर महादेव एवं बोल बम के उद्घोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। गांव के नरवा गंगा घाट पर भोर से ही श्रद्धालु स्नान कर गंगा का जल लेकर शिवालयों की तरफ कूच करने लगे। गांव के अति प्राचीन बुढ़वा महादेव मंदिर पर सुबह के समय भक्तों की भारी भीड़ के चलते लाइन लगाकर लोगो को जलाभिषेक एवं दर्शन पूजन कराया गया। वही मनिहर वन स्थित मन भद्र बाबा के मंदिर पर भी शिव भक्तों का दोपहर तक आना जाना लगा रहा। महिला पुरुष एवं बच्चों ने भगवान भोलेनाथ  के दरबार में मत्था टेक  अपने तथा परिवार के मंगल कामना हेतु प्रार्थना की। इसी क्रम में क्षेत्र के बारा, पचौरी, खुदरा, गदाईपुर, करहिया, सायर, रायसेनपुर, मनिया, भतौरा आदि गांवों में भी भक्तों ने छोटे बड़े शिवालयों में जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से सभी शिवालयों  एवं गंगा घाट पर पुलिस बल तैनात रहा।